चंडीगढ़ , मार्च 20 -- हरियाणा के खेल मैदानों की बदहाल स्थिति को लेकर सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती।

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा देश का ऐसा राज्य है, जिसने ओलंपिक में लगभग 33 प्रतिशत पदक दिलाकर देश का गौरव बढ़ाया है, लेकिन विडंबना यह है कि यहां खेल सुविधाएं बेहद खराब स्थिति में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही खेल ढांचे को सुधारने में गंभीर नहीं हैं।

उन्होंने रोहतक की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जर्जर खेल मैदानों के कारण खिलाड़ियों की जान तक चली गयी, जो बेहद दुखद है। उन्होंने इसे लापरवाही ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।

उन्होंने मांग की कि हरियाणा के सभी खेल मैदानों की तत्काल समीक्षा कर उन्हें आधुनिक और सुरक्षित बनाया जाये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खेल को केवल राज्य का विषय बताकर केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किये गये, तो यह देश की खेल प्रतिभाओं के साथ बड़ा अन्याय होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित