चंडीगढ़ , मार्च 10 -- हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों पेंशनभोगियों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार ने पंजाब के चार प्रमुख अस्पतालों को सरकारी कर्मचारियों पेंशनभोगियों और उनके परिवार के सदस्यों के इलाज के लिए सूचीबद्ध किया है।
श्री राव ने मंगलवार को बताया कि सूचीबद्ध अस्पतालों में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुल्लनपुर (पंजाब), होमी भाभा कैंसर अस्पताल, संगरूर, क्षेत्रीय स्पाइनल इंजरी सेंटर, सेक्टर-70, मोहाली और पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज, सेक्टर-60, मोहाली शामिल हैं। इन अस्पतालों में कैंसर, रीढ़ की हड्डी की चोट और लीवर से जुड़ी गंभीर बीमारियों का उन्नत इलाज उपलब्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कई मामलों में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए विशेष अस्पतालों की जरूरत होती है। इन संस्थानों को सूचीबद्ध करने से मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिल सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति आपदा महामारी या सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने की स्थिति में ये अस्पताल एम्बुलेंस आईसीयू/सीसीयू, बर्न यूनिट वार्ड, बेड और शवगृह जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराएंगे।
सरकार के ये निर्देश आज से प्रभावी हो गए हैं। विस्तृत जानकारी हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों पेंशनभोगियों और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित