चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- हरियाणा सरकार ने पोषण अभियान को और सशक्त करते हुए 2026-27 के लिए कुपोषण को लगभग समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने समीक्षा बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार के लिए समन्वित प्रयासों और डेटा-आधारित निगरानी पर जोर दिया। राज्य ने विकास निगरानी कवरेज को 99 प्रतिशत तक बढ़ाने और गंभीर कुपोषण को न्यूनतम स्तर तक लाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत स्तनपान को बढ़ावा, पूरक आहार में सुधार और एनीमिया नियंत्रण के लिए आयरन-फोलिक एसिड की खुराक पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सरकार द्वारा लगभग 9.46 लाख बच्चों और 2.56 लाख गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को पोषण सहायता दी जा रही है। आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण और पोषण ट्रैकर जैसे डिजिटल माध्यमों से निगरानी भी मजबूत की गयी है।
मुख्य सचिव ने पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित