चंडीगढ़ , मार्च 21 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश आकार में छोटा जरूर है, लेकिन अपने मजबूत संकल्प नीतियों और नवाचार क्षमता के कारण तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अफ्रीका साझेदारी समानता, विश्वास और पारस्परिक सम्मान पर आधारित है, जिसमें किसी को पीछे न छोड़ते हुए साझा विकास पर विशेष जोर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा देश का संभवतः एकमात्र राज्य है, जहां विदेश सहयोग विभाग स्थापित किया गया है, जिसकी निगरानी वे स्वयं करते हैं। इसका उद्देश्य व्यापार, निवेश, कौशल विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है।

ऊर्जा क्षेत्र को विकास का आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में हुए सुधारों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य ने बिजली वितरण में लाभप्रदता हासिल की है, 90 प्रतिशत से अधिक गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और लाइन लॉस को लगभग 9 प्रतिशत तक कम किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अपने ऊर्जा प्रबंधन, डिजिटल गवर्नेंस और सेवा वितरण के अनुभव अफ्रीकी देशों के साथ साझा करने के लिए तैयार है। उन्होंने प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग और आपसी सीख को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

निवेश और व्यापार के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि केन्या, तंजानिया, युगांडा, इथियोपिया और रवांडा जैसे देशों के साथ कृषि, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे में सहयोग की संभावनाएं हैं। तंजानिया निवेश केंद्र के साथ साझेदारी से व्यापार और ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसर खुल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की अर्थव्यवस्था कृषि विनिर्माण एमएसएमई और स्टार्टअप अफ्रीकी देशों के साथ बहु-क्षेत्रीय सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने डिजिटल परिवर्तन जलवायु संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में संयुक्त प्रयासों पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित