रूद्रपुर , फरवरी 05 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर स्थित हरिपुरा एवं बौर जलाशयों की जल्द ही सफाई होगी। जिला प्रशासन ने कार्य योजना तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी। जिलाधिकारी के अनुसार जलाशय की सुरक्षा के दृष्टिगत वर्षाकाल से पूर्व सिल्ट हटाना आवश्यक है। उन्होंने इस संदर्भ में गुरुवार को सिंचाई, राजस्व, वन एवं खनन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।

उन्होंने अधिकारियों से जल्द कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय को निर्देश दिये कि सिंचाई, राजस्व, वन एवं खनन विभाग के अधिकारियों की कमेटी बनाकर जलाशयों का सर्वे कर रिपोर्ट शासन को भेजें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नदियों में भी यदि तलहटी में जमी गाद (रिवर ड्रेजिंग) निकालने की आवश्यकता है तो जल्द प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें ताकि बरसात शुरू होने से पहले यह कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित