हरिद्वार, मार्च 07 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड को बड़ी विकास सौगात देते हुए 1129.91 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 1014.81 करोड़ रुपये की 22 योजनाओं का शिलान्यास तथा 115.10 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग के अंतर्गत 14 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के टीएमआर प्लांट का लोकार्पण किया गया। वहीं गृह (पुलिस) विभाग के तहत देहरादून पुलिस लाइन में 46 आवासीय भवन, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर में पुलिस आवास, तथा नरेंद्रनगर पीटीसी में एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास का भी लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग के अंतर्गत हरिद्वार जिला कारागार में आवासीय भवन, हाई सिक्योरिटी बैरक और वीसी क्यूबिकल्स, तथा देहरादून और हल्द्वानी कारागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग क्यूबिकल्स का लोकार्पण किया गया। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के तहत टिहरी और पिथौरागढ़ में जिला कमांडेंट कार्यालय भवन भी जनता को समर्पित किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित