हरिद्वार , मार्च 29 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सघन सत्यापन अभियान चलाया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के कड़े निर्देशों के बाद शहर से लेकर देहात तक पुलिस टीमें पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही हैं।

पुलिस द्वारा रविवार सुबह जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की व्यापक स्तर पर जांच की जा रही है। किरायेदारों, दिहाड़ी मजदूरों और अस्थायी रूप से रह रहे लोगों का सत्यापन कर उनकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

अभियान के तहत होटल, लॉज, धर्मशालाओं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। कई स्थानों पर चेकिंग के दौरान दस्तावेजों की जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना सत्यापन कोई भी बाहरी व्यक्ति क्षेत्र में न रहे। आदेशों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वह इस अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का मानना है कि जनसहभागिता से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित