हरिद्वार , फरवरी 11 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गठित पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) के अंतर्गत बुधवार को हरिद्वार जनपद में मृतक पत्रकारों के आश्रितों एवं गंभीर बीमारी से ग्रस्त पत्रकार को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने संयुक्त रूप से चार लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये का चेक सौंपा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी समाज के हर वर्ग के सम्मान और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं। आर्थिक रूप से कमजोर, गंभीर बीमारी से जूझ रहे पत्रकारों तथा दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को सहायता प्रदान करना संवेदनशील एवं सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में असामयिक निधन के बाद उनके परिवारों को पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान कर सरकार ने अभिभावक की भूमिका निभाई है।
पत्रकार कल्याण कोष समिति की सदस्य शशि शर्मा एवं अमित शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की सकारात्मक पहल के कारण पहली बार शत-प्रतिशत आवेदनों को स्वीकृति मिली है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश स्तर पर 15 मृतक पत्रकारों के आश्रितों तथा दो गंभीर रूप से बीमार पत्रकारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
हरिद्वार जनपद से अक्षिता शर्मा (पत्नी स्व. अरुण शर्मा), सरिता (पत्नी स्व. अमर सिंह), चंदा देवी (पत्नी स्व. नरोत्तम शर्मा) तथा गंभीर बीमारी से ग्रस्त पत्रकार विवेक शर्मा को 5-5 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सिटी अभय प्रताप सिंह, प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, जिला सूचना अधिकारी रतिलाल शाह सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित