हरिद्वार , दिसंबर 21 -- हरिद्वार में नौकरी दिलाने के नाम पर छह से अधिक लोगों से करीब 34 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार हुए लोगों ने एक सिपाही के परिचित होने के कारण ठगों पर विश्वास किया था। अब सिपाही ने युवती समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।

मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के हरचंदपुर निवासी नितिन कुमार ने कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत है। उसके दोस्त अमित सैनी के माध्यम से वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात विनय सैनी, निवासी इस्माइलपुर, सुल्तानपुर, लक्सर से हुई थी।

विनय सैनी से उसका लेन-देन चलता था। विनय सैनी के साथ में विनीका सैनी भी अक्सर रहती थी। विनय ने बताया था कि विनीका सैनी उसकी मंगेतर है और रुड़की में उसका प्लेसमेंट सेंटर है। वह बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का कार्य करती है। इनका विश्वास होने पर नितिन ने अपने परिचित और रिश्तेदारों की नौकरी लगवाने के लिए इनसे मिलवाया।

नौकरी के नाम पर संजय शर्मा व हिमांशु शर्मा उर्फ सागर, निवासी 85 इंदिरा गांधी मार्ग, निरंजनपुर, देहरादून से पांच लाख रुपये, संदीप कुमार से 8.46 लाख रुपये, पारुल निवासी राजीव नगर डोईवाला, देहरादून से नौ लाख रुपये, नंदनी शर्मा से नौ लाख रुपये, प्रदीप कुमार निवासी मनोहरा तीतरों, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश से दो लाख रुपये नौकरी लगवाने के नाम पर ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित