हरिद्वार , मार्च 27 -- उत्तराखंड के हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत नाबालिग युवतियों के साथ कथित मारपीट, बंधुआ मजदूरी एवं दस्तावेजों में छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मुख्य आरोपी प्लांट हेड को गिरफ्तार किया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को कार्तिक एंटरप्राइजेज में कार्यरत कुछ महिलाओं एवं युवतियों ने थाना सिडकुल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा व अन्य द्वारा दो नाबालिग युवतियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें अवैध रूप से काम पर रखा गया।
पीड़िताओं ने यह भी आरोप लगाया कि 24 मार्च को उन्हें कंपनी कार्यालय में बुलाकर उनकी तलाशी ली गई और दुपट्टे से हाथ-पांव बांधकर मारपीट की गई। साथ ही उन्हें अपमानित करते हुए चोरी कबूलने का दबाव बनाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित वीडियो भी बरामद हुआ, जिसमें युवतियों के साथ मारपीट और बंधक बनाए जाने के प्रमाण मिले हैं। इसके अलावा, दस्तावेजों की जांच में आधार कार्ड की उम्र में हेरफेर की पुष्टि भी हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नाबालिग किशोरियों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक कार्य कराए जा रहे थे, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा निवासी गौतमबुद्ध नगर, हाल निवासी बहादराबाद को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित