हरिद्वार , मार्च 27 -- उत्तराखंड के हरिद्वार के कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है। घटना गुरुवार देर रात की है, जब क्षेत्र में अचानक तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।

सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस चेतक कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल चुका था। पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों पक्ष उत्तेजित होकर शोर-शराबा करते हुए शांति व्यवस्था भंग करने पर उतारू रहे।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के पांच लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिरासत में लिए गए आरोपितों में शहनवाज, बकार, समीप, अनश उर्फ मुख्तियार और फैजान शामिल हैं, जो ज्वालापुर क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों के निवासी हैं।

पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित