हरिद्वार , फ़रवरी 26 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देर रात औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक सक्रियता का सशक्त संदेश दिया। डीएम ने उप जिला मेला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की हकीकत परखी।
सबसे पहले डीएम उप जिला मेला चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों से भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वार्डों में पहुंचकर मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद किया। उपचार, दवाइयों और भोजन व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया। तीमारदारों ने बताया कि उपचार संतोषजनक है और भोजन समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए बेडशीट और कंबलों की नियमित धुलाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को मरीजों के लिए नए कंबल खरीदने और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा।
इसके पश्चात डीएम जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे और सभी वार्डों का निरीक्षण किया। लेबर रूम का जायजा लेते हुए उन्होंने प्रसव हेतु भर्ती महिलाओं की स्थिति जानी। ड्यूटी पर तैनात डॉ. शिवंशी ने बताया कि दो महिलाएं प्रसव के लिए भर्ती हैं, जबकि 13 महिलाओं का प्रसव हो चुका है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रसव के मामलों में अनावश्यक रेफर न किया जाए और सभी गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में ही समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित