हरिद्वार , फरवरी 26 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले तीन दिनों से रानीपुर मोड़ पर अनशन पर बैठे जोमाटो के डिलीवरी कार्मिकों का अनशन गुरुवार को समाप्त हो गया। सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने वार्ता के बाद अनशनकारियों को जूस पिलाकर उनका आंदोलन खत्म कराया।
डिलीवरी बॉय कंपनी की ओर से निर्धारित समय पर डिलीवरी न होने की स्थिति में उनके प्वाइंट और वेतन में की जा रही कटौती पर रोक लगाने तथा वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। उनका कहना था कि कई बार यातायात, मौसम या अन्य कारणों से देरी होने पर भी उनकी सैलरी और इनाम में कटौती कर दी जाती है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने कंपनी के पदाधिकारियों और अनशनकारियों को कार्यालय में बुलाकर वार्ता की। बैठक में डिलीवरी कर्मियों द्वारा सौंपे गए मांगपत्र पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। प्रशासन ने कंपनी प्रतिनिधियों से श्रमिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा।
बातचीत के बाद सकारात्मक आश्वासन मिलने पर डिलीवरी कर्मियों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। प्रशासन ने सभी पक्षों से आपसी संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित