हरिद्वार, अप्रैल 06 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 76 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 34 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, नहर मरम्मत, अतिक्रमण, जलभराव सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। ग्राम लिब्बरहेड़ी की प्रधान शबनम ने नहर क्षेत्र में जलभराव से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाते हुए सीपेज ड्रेन की सफाई एवं पक्कीकरण की मांग की। कांगड़ी निवासी इसम सिंह ने ट्रस्ट संपत्ति के कथित फर्जी विक्रय की शिकायत दर्ज कराई।
ग्राम पूरणपुर साल्हापुर निवासी भरत सिंह ने चकमार्ग पर अतिक्रमण से आवागमन बाधित होने की समस्या रखी, जबकि ज्वालापुर की मंजू ने भूमि हड़पने का आरोप लगाया। इसके अलावा अवैध कब्जे, मुआवजा न मिलने, भूमि पैमाइश और रास्तों पर अतिक्रमण से जुड़ी कई शिकायतें भी दर्ज की गईं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें विभागीय समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित