हरिद्वार , फरवरी 02 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपदवासियों की समस्याओं को त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से मौके पर 28 समस्याओं का तुरंत समाधान किया गया, जबकि शेष को संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण हेतु प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई कार्यक्रम में आवास, राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, पेयजल, अतिक्रमण सहित अन्य जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया। शिकायतकर्ताओं में अजय नौटियाल, किरणपाल, साध्वी बिरजानंद, अमित रॉय, विनीत शर्मा और मुकेश कुमार ने अपनी-अपनी समस्याएं दर्ज करवाई। इनमें भूमियों के निशानदेही, रास्तों की बहाली, सरकारी सड़क पर अवरोध हटवाना, नालियों का खुलवाना, कोविड-19 दौरान अधिग्रहित वाहनों का भुगतान और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलवाने जैसी समस्याएं शामिल थीं।

डॉ. मिश्र ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। एल1 पर 457 और एल2 पर 92 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें तुरंत निस्तारित करने के साथ ही शिकायतकर्ताओं से फोन वार्ता कर समाधान की पुष्टि करने के निर्देश जारी किए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों से कहा कि यूसीसी रजिस्ट्रेशन के लिए मतदान सूची आधार के रूप में इस्तेमाल की जाए और 2010 से पहले विवाहित लोगों का भी रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वच्छता अभियान को लेकर भी निर्देश दिए कि सात फरवरी को सभी विभाग एक साथ 500 मीटर के क्षेत्र में साफ-सफाई अभियान चलाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित