हरिद्वार , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत थाना पथरी पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में थाना पथरी क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर एक आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जबकि दूसरे आरोपी के कब्जे से 9.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि ग्राम गोविन्दपुर निवासी आनंद कुमार को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जबकि ग्राम धनपुरा निवासी एहद खान को स्मैक तस्करी के मामले में पकड़ा गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित