हरिद्वार , मई 01 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने शुक्रवार को 'ऑपरेशन प्रहार' के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए सड़क पर चल रहे लोगों से मोबाइल फोन झपटने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 12 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार बीते दिन ग्राम शाहपुर और मंडावर क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों द्वारा राहगीरों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाएं सामने आई थीं। इस संबंध में कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा पंजीकृत किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम गठित कर मामले के खुलासे के लिए लगाया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास साक्ष्य जुटाए और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। गहन जांच और सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस ने खानपुर से खेलपुर जाने वाले चकरोड मार्ग से दो संदिग्धों अंकुल उर्फ अंकुर और गुलशन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास से दोनों मुकदमों से संबंधित मोबाइल फोन के अलावा अन्य 10 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गुलशन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित