हरिद्वार , अप्रैल 01 -- त्तराखंड में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में ई-रिक्शा के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान का बुधवार को प्रथम दिन सघन कार्रवाई के साथ संपन्न हुआ। अभियान के दौरान बिना सत्यापन के संचालित 50 ई-रिक्शा को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा ई-रिक्शा स्वामियों और चालकों का अनिवार्य सत्यापन कराया जा रहा है। इस प्रक्रिया में स्वामी और चालक दोनों का पुलिस सत्यापन शामिल है। सत्यापन पूर्ण होने के बाद ई-रिक्शा पर रूट आधारित रंग-कोडित क्यूआर स्टिकर लगाए जाते हैं और चालकों को क्यूआर आधारित पहचान पत्र प्रदान किए जाते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।
ई-रिक्शा सत्यापन की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई थी। समयसीमा समाप्त होने के बाद आज से प्रवर्तन अभियान प्रारंभ किया गया है, जो आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित