हरिद्वार , अप्रैल 27 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में नव नियुक्त पुलिस जवानों की प्रशिक्षण प्रक्रिया विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को सभी रिक्रूट जवानों का स्वागत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 209 पुरुष आरक्षी एवं दो महिला प्रशिक्षु जवान शामिल हैं।

एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग एक अनुशासित एवं मर्यादित बल है, जिसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक जवान का कर्तव्य है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को पूरी निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए जवानों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पर्याप्त पानी पीने और स्वयं को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कठिन प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है।

नौ माह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण के दौरान जवानों को शारीरिक दक्षता, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा आधुनिक पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न पहलुओं की गहन जानकारी दी जाएगी, जिससे वे भविष्य में अपने कर्तव्यों का कुशलता से निर्वहन कर सकें।

हरिद्वार पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी प्रशिक्षुओं को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि वे एक सक्षम, जिम्मेदार और संवेदनशील पुलिसकर्मी के रूप में तैयार हो सकें।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन सुरेन्द्र प्रसाद बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक (ट्रेनिंग) एवं अन्य प्रशिक्षण अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित