हरिद्वार , फरवरी 26 -- उत्तराखंड मेंं हरिद्वार के भगवानपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवानपुर निवासी राजकुमार ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कार्तिक पुत्र सतवीर निवासी वार्ड नंबर-8, भगवानपुर ने उनकी नाबालिग नातिन पर जान से मारने के इरादे से उस पर गोली चलायी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी ने वादी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

घायल बालिका का उपचार देहरादून स्थित महंत इन्द्रेश अस्पताल में चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हसनपुर मदनपुर तिराहे के पास दबिश देकर आरोपी कार्तिक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित