हरिद्वार , जनवरी 27 -- उत्तराखंड में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य स्तर पर हरिद्वार को सर्वश्रेष्ठ कोतवाली के रूप में चयनित होने के बाद कोतवाली ज्वालापुर पुलिस की टीम ट्रॉफी के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के कैंप कार्यालय पहुंची। इस उपलब्धि को हरिद्वार पुलिस के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।
मंगलवार को कोतवाली ज्वालापुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भेंट करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पूरी टीम को उत्कृष्ट कार्य, अनुशासित पुलिसिंग और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बधाई दी।
एसएसपी ने कहा कि कोतवाली ज्वालापुर ने अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई, जनसुनवाई, यातायात व्यवस्था और आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप यह सम्मान प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर एसएसपी डोबाल द्वारा कोतवाली ज्वालापुर की टीम को 2500 का नगद पुरस्कार एवं गुड इंट्री प्रदान करने की घोषणा की गई। उन्होंने टीम के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और एकजुट प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता का विश्वास जीतना और कानून का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित