हरिद्वार , फरवरी 03 -- खेल नगरी हरिद्वार में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-18 हॉकी प्रतियोगिता का मंगलवार को चौथे दिन रोमांचक मुकाबलों के साथ भव्य समापन हो गया।

खेल निदेशालय उत्तराखण्ड देहरादून एवं जिला प्रशासन हरिद्वार के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष शिवालिकनगर हरिद्वार राजीव शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरुंग ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जनपदों की टीमों ने शानदार खेल भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में हरिद्वार (बी) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए उधमसिंह नगर को 3-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में हरिद्वार (ए) ने देहरादून को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।

फाइनल मुकाबला हरिद्वार (ए) और हरिद्वार (बी) के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों की सांसें थाम दीं। निर्धारित 50 मिनट तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। अंतिम क्षणों में हरिद्वार (बी) ने निर्णायक गोल दागते हुए मुकाबला 2-1 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

निर्णायक मुकाबलों में अमित कटारिया, अमित नेगी, हरीश नेगी, महिमा भण्डारी, परमिता गौतम एवं सौरभ पटवाल की भूमिका सराहनीय रही।

समापन अवसर पर जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चन्द्र पाण्डेय, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इंद्रमोहन बर्थवाल, सहायक प्रशिक्षक शिखा बिष्ट, दीपक चन्द्र जोशी, अनुराग राठी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रजापति कुकरेती, कनिष्ठ सहायक मुकेश भट्ट, विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित