हरिद्वार , मार्च 07 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के सिडकुल थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 71.26 ग्राम अवैध चरस बरामद किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस द्वारा क्षेत्र में अलग-अलग टीमों का गठन कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सिडकुल क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिन्द्रा कंपनी के सामने खाली पार्क, सिडकुल हरिद्वार से आरोपी अनुज कुमार पुत्र किशनलाल निवासी ग्राम बैरी अकबरपुर, थाना कल्याणपुर जिला कानपुर (उप्र), हाल निवासी नेहरू कॉलोनी थाना सिडकुल हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 71.26 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित