हरिद्वार , फरवरी 16 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए नवनियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अहम बैठक की। अधिकारियों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब तेज कार्रवाई एवं मजबूत समन्वय ही पुलिसिंग की पहचान होगी।
बैठक में एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी सूचना तंत्र को मजबूत करें और साइबर अपराध जैसे मामलों में बिना देरी तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। थाना प्रभारियों को जनता से मिलने का समय निर्धारित करने के निर्देश दिए गए ताकि पीड़ितों को इधर-उधर भटकना न पड़े। साथ ही अनुपस्थिति की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारी को स्पष्ट रूप से कार्यभार सौंपने और वापसी पर शिकायतों की व्यक्तिगत समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
नशे के बढ़ते मामलों पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि केवल आरोपियों की गिरफ्तारी काफी नहीं बल्कि नशे की सप्लाई चेन के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचकर कार्रवाई करना ही असली जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई जरूरी है और यह सभी थाना प्रभारियों की प्राथमिकता होगी।
इसके अलावा हर सर्किल में सुबह और शाम नियमित चेकिंग अभियान चलाने तथा उसकी समीक्षा नगर व देहात पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं किए जाने के निर्देश दिए गए। किसी भी घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई हो सके। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित