हरिद्वार, अप्रैल 26 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र स्थित एचपीएम इनोटेक कंपनी में रविवार को अचानक भीषण आग लग गयी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

फैक्ट्री परिसर से उठता घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी।

घटना की सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया, वहीं स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही समय में फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया।

आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा भारी मात्रा में माल जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित