मुंबई , जनवरी 31 -- सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने आठ नवोदित क्षेत्रों को वित्त पोषण उपलब्ध कराने के लिए शनिवार को उत्कृष्टता केंद्र 'चक्र' की शुरुआत की।

उत्कृष्टता केंद्र जिन आठ क्षेत्रों पर फोकस करेगा उनमें नवीकरणीय ऊर्जा, एडवांस्ड सेल केमिस्ट्री एवं बैटरी स्टोरेज, इलेक्ट्रिक परिवहन, हरित हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर, डी-कार्बनाइजेशन, स्मार्ट बुनियादी ढांचा और डाटा सेंटर अवसंरचना शामिल हैं। बैंक ने बताया कि ये क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था के आर्थिक भविष्य के मुख्य चालक के रूप में उभर रहे हैं। साल 2030 तक इन सेक्टरों में 100 लाख करोड़ रुपये के पूंजी निवेश की संभावना है।

वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम. नागराजू ने एसबीआई के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु शेट्टी की उपस्थिति में 'चक्र' का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बैंक के प्रबंध निदेशक, अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों एवं वैश्विक बैंकों के प्रतिनिधि, प्रमुख कॉरपोरेट समूह, वित्तीय संस्थान, उद्योग निकाय तथा पारितंत्र से जुड़े अन्य प्रमुख हितधारक भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित