कैनबरा , फरवरी 20 -- भारत की महिला विश्व कप विजेता टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी-20 में खेलने के साथ ही सबसे अधिक मैच खेलने वाली अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर बन गईं।

हरमनप्रीत कौर ने गुरुवार को भारत के लिए सभी प्रारुपों में अपना 356वां मैच खेलकर यह उपलब्धि हासिल की। इसी के साथ उन्होंने न्यूजीलैंड की महान सूजी बेट्स के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

मैच के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा, "हरमन भारत के लिए एक खास खिलाड़ी रही हैं। मैं उन्हें खेल के इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी बनने की बड़ी कामयाबी के लिए बधाई देना चाहता हूं।"कौर ने 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पर्दापण करने के बाद से छह टेस्ट मैच, 161 एकदिवसीय और 189 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले हैं। आईसीसी के अनुसार, वह भारत में महिला क्रिकेट क्रांति का एक बड़ा हिस्सा रही हैं और पिछले साल उन्होंने टीम को पहली बार विश्व चैंपियनशिप जिताई।

बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाली कौर ने 140 एकदिवसीय पारियों में 37.05 की औसत से 4409 रन बनाए हैं, टेस्ट में 200 रन और टी-20 में 3820 रन बनाए हैं। उन्होंने भारत के लिए आठ शतक और 38 अर्धशतक बनाए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित