हरदोई , फरवरी 3 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में हरदोई-लखनऊ हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हरदोई से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार निजी बस ने कटियामऊ गांव के पास एक कंटेनर में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर बस की बॉडी कटवाकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने राजू उर्फ गोपाल (45) निवासी जूरा, सुरसा को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मेंसर बानो, अखनूर, बालकराम, बबलू, पवन कुमार, मालती, मोहित, अवधेश और ममता घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर अचानक रेलवे क्रॉसिंग की ओर से मुड़ गया, जिससे बस चालक संतुलन खो बैठा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित