हरदोई , दिसम्बर 17 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में युवती की गला घोंट कर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। नौकरी दिलाने के बहाने युवती को साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध पर दुपट्टे से गला घोटकर हत्या करने वाले आरोपी फुरकान को पुलिस ने बुधवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।

मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में फुरकान के दोनों पैरों में गोली लगी है। इस दौरान एक सिपाही ज्ञानप्रकाश भी घायल हुए हैं। पुलिस सूत्रों ने आज यहाँ बताया माधौगंज थाना इलाके के डकौली गांव के पंचायत भवन के पास एक 25 वर्ष की युवती का शव मंगलवार सुबह झाड़ियों में पड़ा ग्रामीणों को नजर आया। मृतक के गले पर उसी का दुपट्टा कसा हुआ था। मृतक की मां ने गांव के ही फुरकान पर हत्या करने का आरोप लगाया था। मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीम लगायी गयी थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फुरकान 25 वर्षीय मृतका और उसके परिवार से पूर्व परिचित था। वह सोमवार को युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ संडीला इंडस्ट्रियल एरिया ले गया था। वापसी में उसने गांव के बाहर सुनसान इलाके में युवती के साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया।जब युवती ने शोर मचाया और विरोध किया,तो फुरकान ने उसके ही दुपट्टे से गला घोटकर उसकी हत्या कर दी और शव को पंचायत भवन के पास कूड़ा घर के निकट फेंककर फरार हो गया था।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा गठित टीमों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी फुरकान तपनौर रोड पर गंगा एक्सप्रेस-वे पुल के पास से भागने की फिराक में है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। खुद को घिरता देख फुरकान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी,जिससे वह गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, कारतूस और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है,जो घटना का अहम सबूत है। घायल आरोपी फुरकान और सिपाही ज्ञान प्रकाश को पहले सीएचसी माधौगंज ले जाया गया,जहां से फुरकान की हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई करने में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित