हरदोई , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में संडीला-मल्लावां मार्ग पर गोसवा गांव के सामने मंगलवार शाम अचानक ब्रेक लगाने से बाइक फिसल जाने के कारण उन्नाव जनपद की एक महिला की गिरकर मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि उन्नाव जनपद के थाना बेता मुजावर क्षेत्र के शारदा खेड़ा गांव निवासी लक्ष्मी (46) अपने छोटे बेटे मनीष के साथ बाइक से मल्लावां आ रही थीं। इसी दौरान गोसवा गांव के सामने सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में मनीष ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और लक्ष्मी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल अवस्था में उन्हें मल्लावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार लक्ष्मी अपने बड़े बेटे अशोक के साथ दिल्ली जाने वाली थीं। अशोक दिल्ली में कपड़ा फैक्ट्री में काम करता है और वह पहले ही मल्लावां पहुंच चुका था।पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित