हरदोई , दिसम्बर 17 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बुधवार दोपहर शाहाबाद कोतवाली के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कस्बा शाहाबाद के मोहल्ला चौक निवासी सर्राफा व्यापारी सुनील रस्तोगी उर्फ सोनी (40) ने पुलिस द्वारा समय से कार्यवाही न किए जाने से क्षुब्ध होकर अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत हिरासत में ले लिया, जिससे कोई भी अप्रिय घटना नहीं हो सकी। इस दौरान उसके शरीर का कोई भी हिस्सा आग की चपेट में नहीं आया।

जानकारी के अनुसार सुनील रस्तोगी की सरस्वती ज्वेलर्स नामक दुकान सर्राफा मार्केट, मोहल्ला चौक में स्थित है। बीते 15 दिसंबर को शाम करीब छ: बजे दुकान की चाबी व गिरवी रखा सोना-चांदी (कथित मूल्य लगभग दो लाख रुपये) एक बैग में रखकर उसका नौकर अमर सिंह उर्फ हनुमान शरण (30), निवासी नगला लोथू थाना शाहाबाद, साइकिल से दुकान से व्यापारी के घर ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बैग गिर जाने की बात सामने आई। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को ही नौकर को हिरासत में ले लिया था,लेकिन दो दिनों तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं होने से सर्राफा व्यापारी मानसिक रूप से काफी परेशान था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित