हरदोई , दिसम्बर 16 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले में माधोगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह झाड़ियों में एक युवती का शव फांसी के फंदे से बंधा हुआ पाया गया। युवती कल एक युवक के साथ नौकरी की तलाश में गौसगंज जाने की बात कहकर निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। घर वाले उसकी तलाश कर रहे थे तो आज गांव के पंचायत भवन के पास उसका शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फिलहाल युवती को ले जाने वाले युवक की तलाश कर रही है। आशंका है कि प्रेम प्रसंग में किसी बात को लेकर युवती की उसके दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहाँ बताया कि मामला माधौगंज थाना इलाके के डकौली गांव का है। गांव के पंचायत भवन के पास ज्योति 25 वर्ष का शव आज सुबह झाड़ियों में पड़ा ग्रामीणों को नजर आया। मृतक के गले पर उसी का दुपट्टा कसा हुआ था। आशंका है उसी दुप्पटे से उसका गला घोटकर हत्या की गयी। मृतक की माँ के अनुसार ज्योति सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे घर से गौसगंज नौकरी देखने के लिए निकली थी। ज्योति की छोटी बहन भी उसे छोड़ने गई थी लेकिन रास्ते में गांव का ही इकबाल नामक व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर उसे ले गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिवार ने तलाश शुरू की सुबह पंचायत भवन के पास झाड़ियों में उसकी लाश मिली, गले में दुपट्टा बंधा हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित