हरदोई , मार्च 11 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार देर रात उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना में कथित रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि कछौना कस्बे के रामनगर रेलवे गंज मोहल्ले निवासी चौधरी कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी केंद्र संचालित करते हैं। बताया गया कि मंगलवार शाम वह कासिमपुर थाना क्षेत्र के मुसलमानाबाद सपहिया गांव में बसपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से पहुंची सीबीआई की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तार करने से पहले सीबीआई की टीम ने चौधरी से शाम करीब 5:30 बजे से रात लगभग 12:15 बजे तक गहन पूछताछ की गई। इस दौरान टीम ने उनके पास मौजूद दस्तावेजों को भी खंगाला और कई महत्वपूर्ण कागजात अपने कब्जे में लिए। सूत्रों के अनुसार बघौली थाना क्षेत्र के अक्षरामऊ गांव निवासी सीमा नाम की युवती ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के तहत पांच लाख रुपये की ऋण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि सुरेश चौधरी ने ऋण दिलाने के नाम पर उससे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। युवती ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर टीम हरदोई पहुंची और कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित