हरदोई , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शाहबाद क्षेत्र में खेत में प्याज की पौध लगा रही महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गयी।

पुलिस के अनुसार शाहबाद थाना क्षेत्र के ग्राम आगमपुर के मजरा अमरिता निवासी श्रीदेवी (45) पत्नी सुरेश गुरुवार सुबह करीब आठ बजे अपने दो बच्चों के साथ खेत में काम करने गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने बच्चों को घर से खाना लाने भेज दिया। बच्चे जब वापस लौटे तो मां खेत में नहीं मिली। तलाश करने पर पास के गेहूं के खेत में उनका शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाने की बात कह रही है। घटना के खुलासे के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व संडीला क्षेत्र में भी एक किसान की धारदार हथियार से हत्या की गई थी, जिसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित