हरदोई , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में हल्की फुलकी बारिश और तेज़ हवाओ के बीच रविवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से खेत पर काम कर रहे किसान की मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अरवल थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर राजा साहब गांव निवासी अवधेश सिंह (45) रविवार सुबह अपने बेटों शोभित (11) और अमन (8) के साथ खेत पर गए थे। तीनों खेत में खुदी पड़ी आलू की फसल को बारिश से बचाने के लिए पन्नी से ढक रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर तीनों गंभीर रूप से झुलस गए।परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों बच्चों का उपचार जारी है।

मृतक के पिता रामसिंह ने बताया कि अवधेश परिवार का मुख्य सहारा था। उनके परिवार में पत्नी स्नेहलता और छह बेटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित