हरदोई , मार्च 12 -- हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में घरेलू गैस की केवाईसी कराने जा रही एक महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बघौली थाना क्षेत्र के लोनार पुरवा गांव निवासी रामखेलावन की पत्नी प्रेमवती (58) गुरुवार को अपने रिश्ते के भतीजे धीरू निवासी भकुराई गांव, थाना सुरसा के साथ बाइक से सुरसा स्थित गैस एजेंसी पर घरेलू गैस की केवाईसी कराने जा रही थीं। रास्ते में सुरसा थाना क्षेत्र के एक देवी मंदिर के सामने प्रेमवती ने बाइक रोकने के लिए कहा। इसी दौरान बाइक रुकते समय वह अचानक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरसा ले जाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना को कोतवाली शहर पुलिस को दे दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित