हरदोई , जनवरी 16 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में मोबाईल टावर की बैटरी चोरी की घटना में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपए के दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल एक तमंचा 2 अदद जिंदा कारतूस,1 खोखा बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली है जिसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दोनों बदमाश सीतापुर जिले के रहने वाले है और ग्रामीण इलाको में लगे मोबाईल टावरों की बैटरी चोरी करके उन्हें बेचने के काम में संलिप्त थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन जुलाई 2025 को भानु प्रताप निवासी ग्राम डूडेला थाना कोतवाली देहात द्वारा बेनीगंज पर तहरीर दी गई कि वह बेनीगंज में इंडस टावर में आर एस कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा थाना जरौआ टॉवर से बैटरी चोरी कर ली गई है। इस संबंध में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिये 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
आज तड़के करीब तीन बजे थाना बेनीगंज पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि बैटरी चोरी की घटना में संलिप्त दो लोग किसी वारदात करने के इरादे से मोटरसाइकिल से इकरी मोड़ होते हुए संडीला मार्ग की तरफ जाने वाले हैं। पुलिस टीम द्वारा इकरी मोड़ पर पहुंचकर व्यक्तियों की घेराबंदी की गई। दोनों व्यक्तियों द्वारा अपने आप को घिरा देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया जिसमें पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही की गई। जिसमें मुकेश दाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि सूरज को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुकेश को प्राथमिक उपचार के मेडिकल कॉलेज रेफर में भर्ती किया गया है पुलिस ने दोनों के पास से एक मोटरसाइकिल एक तमंचा 2 अदद जिन्दा कारतूस,1 खोखा कारतूस बरामद किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित