हरदोई , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में मंगलवार सुबह एक दामाद ने अपने ससुर की बीच रास्ते में रोककर हॉकी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि ससुर की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते ससुर ने अपनी पुत्री को मायके बुला लिया था, जिससे आरोपी नाराज था।

पुलिस के अनुसार शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला विकास नगर गंज निवासी अशोक बाबू उर्फ पिन्ने (52) मंगलवार सुबह अपनी बहन अलका के साथ बाइक से हनुमत धाम रामताल मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर लौट रहे थे। जैसे ही वे पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम हथौड़ा के पास नहर के निकट पहुंचे, तभी उनके दामाद मनमोहन उर्फ मन्नू निवासी ग्राम हथौड़ा ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि मनमोहन ने हॉकी से अशोक बाबू के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। कई प्रहार सिर पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए फर्रुखाबाद स्थित लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं तथा आरोपी दामाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित