हरदोई , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में मल्लावां-संडीला मार्ग पर गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गांव गोसवा निवासी संदीप अपने मामा छोटे निवासी बिरैचामऊ, थाना शिवराजपुर (कानपुर नगर) तथा गांव निवासी दीपांशु (19) के साथ मल्लावां से सामान लेकर घर लौट रहे थे। तेंदुआ गांव के पास शाम लगभग साढ़े चार बजे पीछे से आ रहे ईंट लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और तीनों को कुचल दिया। दुर्घटना में दीपांशु की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि संदीप और छोटे गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से छोटे की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित