हरदोई , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बघौली थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बघौली रेलवे क्रॉसिंग के पास दो तेज रफ्तार ट्रकों की आमने-सामने टक्कर की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम ककरहिया मजरा बघौली निवासी पुष्पेंद्र (28) अपने गांव के ही कन्हैया लाल के साथ मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे बघौली स्थित एक डेयरी पर दूध देकर साइकिल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बघौली रेलवे क्रॉसिंग के पास सामने से आ रहे दो ट्रक आपस में टकरा गए और उनकी चपेट में साइकिल सवार दोनों युवक आ गए। हादसे में पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कन्हैया लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर थाने पर खड़ा कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित