हरदोई , फरवरी 11 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 24 घंटे में हत्या की दूसरी जघन्य वारदात हुई है। जहां जानवरों के रखने के लिए खेत में बनाये बाड़े में छप्पर के नीचे 52 वर्षीय किसान का शव चारपाई पर आज सुबह रजाई से ढका हुआ मिला। मृतक किसान का सर बुरी तरह किसी धारदार भारी वस्तु के प्रहार से लहूलुहान किया गया था।

परिजनों के मुताबिक सर में गंभीर चोट पहुंचकर उनकी हत्या की गयी है। परिजनों ने किसी तरह दुश्मनी से इंकार करते हुए अज्ञात हत्यारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। खेत पर किसान की हत्या की घटना की जानकारी के बाद एएसपी के साथ सीओ और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। एएसपी ने बताया कि वारदात को लेकर कुछ बिन्दुओ पर जांच पड़ताल की जा रही है और जल्द ही घटना का अनवारण किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीतो में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के रहने वाले अजीत यादव ने अपने पिता हुकुम सिंह यादव (52) का शव खेत में जानवरों को रखने के लिए बने बाड़े में छप्पर के नीचे रजाई से ढका हुआ मिला। घटना की सूचना मृतक के पुत्र रंजीत ने तुरंत पुलिस को दी। मृतक के पुत्र रंजीत के मुताबिक उनके पिता हुकुम सिंह यादव गांव के किनारे स्थित खेत में जानवरों को रखने के लिए बने छप्पर में रोज की तरह बीती रात भी सोने गए थे। सुबह जब वो घर वापस नहीं आये तो उनका छोटा भाई अजीत सुबह करीब आठ बजे बाड़े में छप्पर के अंदर पहुंचे तो देखा कि उनके पिता चारपाई पर मृत अवस्था में पड़े हैं। उनके सिर में गंभीर चोट के निशान थे और खून निकला हुआ था और ऊपर से रजाई भी ढकी हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित