हरदोई , मार्च 12 -- हरदोई जिले में अतरौली थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आदमपुर निवासी केशन (43) खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह गांव के बाहर अपने खेत में बने अर्धनिर्मित पक्के मकान के पास झोपड़ी बनाकर रहता था। बुधवार को उसकी पत्नी बेनीगंज थाना क्षेत्र के मवई गांव में रिश्तेदारी में गई हुई थी, जबकि घर पर उसकी बेटी सरिता और मां सुमित्रा मौजूद थीं।

परिजनों के अनुसार रात में भोजन करने के बाद बेटी और मां घर के अंदर सो गईं, जबकि केशन बाहर तख्त पर लेटा हुआ था। देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। बेटी सरिता ने पुलिस को सूचना देते हुए आशंका जताई कि छह-सात अज्ञात लोगों ने उसके पिता के गले पर लाठी रखकर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही अतरौली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर नमूने लिए।

मृतक की पत्नी का कहना है कि किसी से कोई रंजिश नहीं थी, ऐसे में उनके पति की मौत कैसे हुई यह समझ नहीं आ रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित