हरदोई , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के सवायजपुर थाना क्षेत्र में रविवार को बाइक और कार की सीधी भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सवायजपुर-फर्रुखाबाद रोड पर खितौली मोड़ के पास हुए हादसे में बाइक सवार गोविंद (18) पुत्र सुरेंद्र निवासी ग्राम बमरौली थाना कांठ जनपद शाहजहांपुर, दीपक (18) पुत्र संतराम तथा लंकुश (40) पुत्र परमेश्वरी, दोनों निवासी ग्राम बन्तला थाना सवायजपुर जनपद हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एम्बुलेंस 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी रमाकांत द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने सूचना दर्ज कर ली। उपनिरीक्षक अतुल गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गए हैं। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित