हरदोई , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की कोतवाली शहर पुलिस ने करोड़ों रुपये के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हस्तांतरण के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में 24 जून 2025 को राज्य कर विभाग के उप आयुक्त की तहरीर पर थाना कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि 'सर्व अली इंटरप्राइजेज' नामक फर्म द्वारा लगभग 16.42 करोड़ रुपये का आईटीसी अन्य राज्यों की कंपनियों और फर्मों को अवैध रूप से हस्तांतरित किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने गुरुवार को दिल्ली निवासी योगेंद्र सिंह फत्यवाल, निशांत गगन और हिमांशु कुमार को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो लैपटॉप एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच और विधिक प्रक्रिया जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित