हरदोई , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में पेड़ से टकराने के बाद बाइक में आग लग गई, जिससे चालक युवक की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली शहर क्षेत्र के लाइन पुरवा निवासी अमित शुक्रवार शाम अपने गांव हरियावां गेहूं काटने गया था। उसके साथ उसका छोटा भाई सनी और बेटा रचित भी थे। शनिवार सुबह करीब तीन बजे तीनों बाइक से हरदोई लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र के मिरीगांवा गांव के पास सड़क पर अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में आग लग गई।
हादसे में बाइक चला रहा अमित आग की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी जलकर मौत हो गई। वहीं पीछे बैठे सनी और रचित गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित