जयपुर , अप्रैल 28 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा है कि हमें जनता के बीच पॉजिटिव नेरेटिव बनाना है और इसके लिए सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर ले जाने का कार्य करना होगा।
श्री शर्मा मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शुरु हुए 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026' को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के दो साल बनाम पांच साल के कार्यों को जमीन पर लेकर जाना होगा।
उन्होंने कहा कि फिर चाहे ईआरसीपी योजना, देवास योजना, यमुना जल समझौता हो या फिर मेट्रो, रिंग रोड योजना सहित अन्य योजनाएं कार्यकर्ताओं को इन्हें जन जन तक पहुंचाना है। श्री शर्मा ने कांग्रेस के शासन को घोटालों से भरा बताते हुए कहा कि उसने जेजेएम में घोटाला किया, हमने केंद्र से आग्रह किया तो जेजेएम को 2028 तक बढ़ाया और घर घर जल पहुंचा रहे है। कांग्रेस ने प्रदेश को गर्त में पहुंचाया जहां पिछली सरकार में एक लाख 67 हजार प्रतिव्यक्ति आय थी ,हमने कठोर परिश्रम करके प्रदेश में दो लाख पांच हजार प्रतिव्यक्ति आय पहुंची दी और हमने 21.15 प्रतिशत ग्रोथ की है।
उन्होंने कहा "प्रशिक्षण हमारी ताकत है, हमारे कार्यकलाप, विचारधारा ही प्रशिक्षण का आधार है। हम पहले राष्ट्र, फिर पार्टी और अंत में स्वयं के लिए कार्य करते है। हमारा प्रशिक्षण के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं के प्रति हमारा समर्पण ही हमारी नई पीढ़ी का अनुसरण करता है। हम क्रियाकलाप के माध्यम से आने वाली पीढी को सिखाते है। हमारी बैठकें भी प्रशिक्षण का केंद्र होती है। हमारे कार्यकर्ताओं को अनुशासन के साथ हमारी पार्टी की रीति और नीति सीखने को मिलती है।"उन्होंने कहा कि संगठन की नजर प्रत्येक कार्यकर्ता पर है, वे ये ना सोचे की उन्हें कौन देख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का दायरा बहुत बडा है, इसे समझने की जरूरत है। प्रशिक्षण से आगे आने वाली नई पीढ़ी को सिखने को मिलता है। हमारा कार्यकर्ता हमारी धरोवर है, हमारे कार्यकर्ता के व्यवहार को जमीनी स्तर पर हर कोई देखता है। पार्टी हमेशा एक ही बात कहती है आप कर्म करें, बाकि मेरे पर छोड़ दें। कार्यकर्ताओं को कभी अपना वजन कम नहीं आंकना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित