हमीरपुर , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर शहर में शनिवार को स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज कांशीराम कॉलोनी की सैकड़ों महिलाओं ने समाधान दिवस में पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने अधिकारियों के सामने स्मार्ट मीटर तोड़ दिए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि उनके मोहल्ले में कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे भीषण गर्मी में छोटे-छोटे बच्चे बीमार हो रहे हैं और लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है।

शनिवार को सभासद रागिनी देवी के नेतृत्व में करीब एक सैकड़ा महिलाएं कांशीराम कॉलोनी से कलेक्ट्रेट पहुंचीं और वहां से समाधान दिवस में शामिल होने तहसील हमीरपुर पहुंच गईं। महिलाओं ने वहां जोरदार हंगामा किया और हाथ में लिए स्मार्ट मीटर जमीन पर पटककर तोड़ दिए। करीब दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा, जिससे फरियादियों की सुनवाई भी प्रभावित हुई।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद महिलाएं नारेबाजी करती रहीं। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। महिलाओं का कहना था कि वे गरीब परिवारों से हैं और बकाया बिल धीरे-धीरे जमा कर रही हैं, लेकिन विभाग ने कनेक्शन काट दिए हैं, जिससे तेज गर्मी में रहना मुश्किल हो गया है।

बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता लेखराज सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए हैं, उन्हें भी अपेक्षित राहत नहीं मिल पा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रीपेड स्मार्ट मीटर में पर्याप्त बैलेंस न होने पर बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाती है और रिचार्ज कराने के बाद दोबारा चालू हो जाती है।

अधीक्षण अभियंता जीसी यादव ने बताया कि पुराने बकाये के आधार पर जमा राशि का एक हिस्सा समायोजित किया जाता है। दस हजार रुपये तक के बकाये पर 10 प्रतिशत, पंद्रह हजार तक 15 प्रतिशत, बीस हजार तक 20 प्रतिशत और इससे अधिक बकाये पर 25 प्रतिशत राशि काटी जाती है। बाद में एसडीओ द्वारा बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद महिलाएं शांत हुईं और प्रदर्शन समाप्त किया। जिले में स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर विरोध लगातार जारी है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि भुगतान के बावजूद कनेक्शन काटे जा रहे हैं और उनकी शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित