हमीरपुर , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र में मंगलवार शाम दसवीं कक्षा के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विदोखरमेदनी गांव निवासी सुमित (15) पुत्र मंगल प्रजापति ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। घटना के समय वह घर पर अकेला था। उसका बड़ा भाई राजकुमार रिश्तेदारी में गया हुआ था, जबकि माता-पिता गुजरात के सूरत में मजदूरी करते हैं।

परिजनों के अनुसार राजकुमार ने सुमित को कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर उसे शक हुआ। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी। पड़ोस में रहने वाले ताऊ प्रेमशंकर प्रजापति ने घर पहुंचकर छत के रास्ते अंदर देखा तो सुमित फांसी के फंदे से लटका मिला।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान लालाराम यादव और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित