नयी दिल्ली , फरवरी 27 -- युवा कांग्रेस ने भारत मंडपम मामले में अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को झूठी और राजनीति से प्रेरित करार देते हुए कहा है कि सरकार का यह कदम अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते के खिलाफ उठने वाली आवाज को दबाने की कोशिश है।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता वरुण पांडे ने शुक्रवार को यहां एक बयान में दिल्ली पुलिस द्वारा अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगाए गये आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि सरकार का इस तरह का हर प्रयास समझौते की खामियों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए है।

प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने झूठे और राजनीति से प्रेरित होकर मामले युवा कांग्रेस के कार्य कर्ताओं पर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जो भी नारेबाजी की है उसमें कहीं देशद्रोही वाली बात नहीं हैं। पुलिस के देशद्रोही नारेबाजी करने जैसे सारे आरोप मनगढ़ंत हैं। नारेबाजी के वीडियो साक्ष्यों में भी कुछ गलत नहीं है।

उन्होंने सिविल सेवकों पर हमला करने के दिल्ली पुलिस के आरोपों को भी निराधार बताया और कहा कि कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी अहिंसा की परंपरा के अनुसार प्रदर्शन किया है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता गांधीवादी विचार से ही प्रदर्शन करने पर यकीन करते हैं।

टी-शर्ट छपवाने और इवेंट रजिस्ट्रेशन जैसी सामान्य गतिविधियों को 'साजिश' बताने के आरोपों को हास्यास्पद करार देते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई व्यापार समझौते से ध्यान हटाने का प्रयास है। अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को समाज के सबसे कमजोर वर्गों पर हमला करार बताते हुए उन्होंने कहा कि हाशिए के समुदायों की आर्थिक सुरक्षा और आजीविका को कुछ विशेषाधिकार प्राप्त लोगों के लाभ के लिए इस समझौते के तहत कुर्बान किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित