शिवपुरी , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में हनुमान जयंती के अवसर पर शांति व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा आज शाम शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमन सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर के प्रमुख मार्गों से फ्लैग मार्च किया। इस दौरान आमजन से संवाद कर उन्हें शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य हनुमान जयंती पर शहर के विभिन्न मंदिरों में लगने वाले मेलों, धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
सूत्रों ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी हनुमान जयंती के दौरान निकलने वाले जुलूसों एवं आयोजनों को देखते हुए थाना प्रभारियों एवं संबंधित एसडीओपी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित